- Rajbhawan
Press Releases:-2023
Date
Subject
Download Images/Files
31 July 2023
माननीय राज्यपाल ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके, रांची एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ओरमांझी, रांची जाकर विद्यालय में व्याप्त विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया।
राज्यपाल महोदय ने छात्राओं से संवाद कर जीवन में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु कहा कोई विषय समझ में नहीं आए तो उसे अपने शिक्षक के समक्ष रख अपनी दुविधा को दूर करें।
विद्यालयों में समय-समय पर आई कैंप लगाकर बच्चों के आँखों की जांच भी की जानी चाहिए।
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके, रांची में संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए आप सभी लक्ष्य निर्धारित करें एवं समयबद्ध तरीके से अपनी दिनचर्या का अनुशासित भाव से पालन करें। इसके साथ-साथ कठिन मेहनत, एकाग्रता एवं उत्साह का होना भी आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि अपनी दिनचर्या के अनुसार प्रत्येक क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। पढ़ाई के समय पूरी तरह पढ़ाई पर ध्यान दें। यदि खेल रहें है तो सिर्फ खेल पर ध्यान दें। पढ़ाई के समय यदि कोई विषय समझ में नहीं आए तो अन्य विषय पर ध्यान केन्द्रित करें। जो विषय समझ में नहीं आया है उसे अपने शिक्षक के समक्ष रखे और अपनी दुविधा को दूर करें। दूसरे दिन अपनी कक्षा में पढ़ाई जाने वाली विषयों को पढ़ कर जायें, इससे आपको पढ़ने में लाभप्रद होगा और आप अपने शिक्षक से प्रश्न भी कर सकेंगे। उन्होंने छात्राओं से कहा कि असफलता की चिंता नहीं करते हुए समर्पण भाव से पढ़ाई करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने कक्षा 10 में 95% प्रतिशत अंक प्राप्त करने के लिए अंशु मुंडा को पुरस्कृत भी किया।
माननीय राज्यपाल महोदय ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके, रांची के विभिन्न कक्षाओं, साइंस लैब, ICT लैब, MHM लैब, जिम रूम जाकर विद्यार्थियों एवं शिक्षिका से संवाद किया। एक शिक्षिका के द्वारा छात्राओं की अधिक संख्या होने के कारण एक अतिरिक्त छात्रावास की आवश्यकता बताई गयी। उनके द्वारा यह भी कहा गया कि शिक्षिकाओं के लिए भी पर्याप्त आवसन की सुविधा आवश्यक है। राज्यपाल महोदय ने आश्वशन दिया कि इसके लिए शीघ्र निदेशित किया जायेगा। राज्यपाल महोदय ने किचन एवं डायनिंग हॉल का भी अवलोकन किया तथा छात्राओं को प्रदत्त भोजन सुविधा की जानकारी की प्राप्त की।
राज्यपाल महोदय ने वहां की छात्राओं द्वारा मेडिसिनल प्लांट, उत्सर्जन तंत्र, जलचक्र, अमृत कृषि, मानव हृदय, ज्वालामुखी इत्यादि विषयों पर लगाये गए प्रदर्शनी देखकर उनकी प्रतिभा की सराहना की। प्रदर्शनी का अवलोकन करने के पश्चात माननीय राज्यपाल महोदय ने बाल संसद के सदस्यों से वार्ता की। संवाद के क्रम में अवगत कराया गया कि विद्यालय में विभिन्न कार्यों के लिए इसके तहत छात्राओं में से ही कुछ को मंत्री बनाया गया है। जैसे स्वच्छता मंत्री सफाई का काम देखती है, चिकित्सा मंत्री बच्चों की समय पर चिकित्सा हेतु प्रयाप्त कदम उठाती है। शिक्षा मंत्री पुस्तकालय में पुस्तकों का लेन-देन एवं सूचना पट को अद्यतन रखने का कार्य करती है। इस अवसर पर राज्यपाल महोदय ने कहा कि इससे टीम भावना विकसित होती है और दायित्व का भी एहसास होता है। हम स्नेह के साथ दूसरों के साथ रहना सीखते हैं इस प्रकार हम भावी जीवन में किसी भी परिवेश में रह सकते है।
*****************************
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन ने आज कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके, रांची का भ्रमण करने के पश्चात कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ओरमांझी, रांची का भी भ्रमण किया। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, ओरमांझी के परिसर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस विद्यालय भी अवस्थित है, वर्तमान में वहां अध्ययनरत छात्राएँ साथ में ही शिक्षा ग्रहण कर रही है। वहां उन्होंने सभी कक्षा 1 से कक्षा 12 तक जाकर सभी छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें कड़ी मेहनत व समर्पण के साथ पढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं के रीडिंग स्किल पर भी ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी बच्चों में नेत्रदोष की भी समस्या होती है और वे ठीक से देख नहीं पाते हैं, जिससे उन्हें पढ़ने में असुविधा होती है। अत: समय-समय पर आई कैंप लगाकर बच्चों के आँखों की जांच भी की जानी चाहिए। कक्षा 10 के छात्राओं से उन्होंने उनकी परीक्षा की तैयारी के संदर्भ में पृछा की। कक्षा 12 के छात्राओं से पूछा की आगे वे जीवन में क्या करना चाहते हैं। बाल संसद की एक छात्रा द्वारा राज्यपाल महोदय से अपनी जीवनी बताने हेतु आग्रह पर राज्यपाल महोदय ने बच्चों को अपने गाँव के सरकारी स्कूल से पढ़ने, दो बार सांसद रहने से लेकर राज्यपाल के पद पर पदभार ग्रहण करने तक के संघर्ष की कहानी भी सुनाई। उन्होंने छात्राओं से कहा कि दिनचर्या निर्धारित कर उसके अनुरूप कार्य करें। सफलता अवश्य मिलेगी।
28 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन से नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ स्टडी एंड रिसर्च इन लॉ (एन.यू.एस.आर.एल.), रांची के कुलपति डॉ० अशोक आर० पाटिल ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट कर विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया।
28 July 2023
माननीय राज्यपाल-सह-झारखंड राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति श्री सी०पी० राधाकृष्णन से झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति डॉ० डी०के० सिंह ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की।
28 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन से सोहराई कलाकार श्रीमती जयश्री इंदवार ने राज भवन में मुलाकात की। उक्त अवसर पर उन्होंने राज्यपाल महोदय को सोहराई पेंटिंग भी भेंट की।
28 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन से प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी, श्री शहजादा अनवर के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने राज भवन में भेंट कर राज्य में अल्पसंख्यक आयोग के शीघ्र गठन हेतु हस्तक्षेप करने का आग्रह किया।
27 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से भारतीय जनता पार्टी (अनुसूचित जनजाति मोर्चा), झारखण्ड प्रदेश का एक शिष्टमंडल ने राज भवन में भेंट कर झारखण्ड राज्य के साहेबगंज जिलान्तर्गत बोरियो प्रखण्ड के गोड़ा पहाड़ की आदिम जनजाति समुदाय की एक युवती की विगत वर्ष हुए निर्मम हत्याकांड के संदर्भ में ज्ञापन समर्पित किया।
27 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से श्री दिगम्बर जैन पंचायत का शिष्टमंडल ने राज भवन में भेंट कर कर्नाटक के बेलगावी में जैनाचार्यश्री कामकुमार नंदी महाराज की निर्मम हत्या की भर्त्सना करते हुए माननीय प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन समर्पित किया।
27 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने डॉ० नीलू सिंह, सहायक प्राध्यापक, राँची विश्वविद्यालय द्वारा लिखित दो पुस्तकों ‘अर्थशास्त्र का परिचय’ एवं ‘उच्चतर आर्थिक सिद्धांत व्यष्टि विश्लेषण’ का विमोचन किया।
27 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने डॉ० देवरानी चौधरी, पूर्व विभागाध्यक्ष, मनोविज्ञान एवं डॉ० सरवत जबीन, सहायक प्राध्यापक, राँची विश्वविद्यालय द्वारा संयुक्त रूप से लिखित पुस्तक ‘मनोविज्ञान में प्रयोग एवं परीक्षण’ का विमोचन किया।
26 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने 'कारगिल विजय दिवस' के अवसर पर दीपाटोली, राँची स्थित 'झारखंड युद्ध स्मारक' जाकर वहाँ पुष्पचक्र अर्पित किया एवं वीर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि दी। उक्त अवसर पर जी०ओ०सी०, 23 इन्फैंट्री डिवीजन मेजर जनरल विकास कुमार चौधरी समेत अन्य सैन्य अधिकारीगण व कर्मीगण उपस्थित थे। राज्यपाल महोदय ने सेना के सभी अधिकारियों व जवानों से मिलकर संवाद किया तथा इस डिवीजन के शौर्य व पराक्रम से अवगत होकर अभिभूत हुए। उन्होंने सभी को 'कारगिल विजय दिवस' की शुभकामनाएँ दी।
26 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ राज भवन में बैठक कर सहजानंद चौक से जज कॉलोनी तक प्रस्तावित 'एलिवेटेड रोड' के निर्माण की रूपरेखा की जानकारी प्राप्त की। उक्त अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी, पथ निर्माण विभाग के सचिव श्री सुनील कुमार समेत विभाग के अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।
24 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से राज्य के माननीय स्वास्थ्य मंत्री श्री बन्ना गुप्ता ने राज भवन में शिष्टाचार भेंट की।
24 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से ब्रिगेडियर अश्विनी नायर और कर्नल ए.के. सिंह ने राज भवन में भेंट की।
23 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन ने कहा कि योग सदियों से किया जाता रहा है। इसकी जड़ें हमारी भारतीय विरासत में गहरी हैं और यह अब वैश्विक बन गई है तथा इसे दुनिया भर में लाखों लोगों ने अपनाया है। यह पूरे विश्व को भारत का एक अमूल्य उपहार है। राज्यपाल महोदय आई.एम.ए., राँची में इंडियन योग एसोसिएशन-झारखंड स्टेट चैप्टर द्वारा आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि योग केवल शारीरिक आसन या व्यायाम नहीं है, यह एक समग्र जीवनशैली है जो हमें स्वस्थ जीवन जीने के लिए प्रेरित करता है, तनाव को कम करता है और विचारों में स्पष्टता लाता है। इसे भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी ने वैश्विक मंच पर योग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके उल्लेखनीय पहल से संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रुप में मनाने का निर्णय लिया गया तथा इससे पूरे विश्व में योग के प्रति जागरूकता में वृद्धि हुई।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि हमारे देश में बहुत से लोग मधुमेह और उच्च रक्तचाप से पीड़ित है, जो अन्य बीमारियों को भी जन्म देती है। बदलते जीवनशैली के कारण युवाओं में भी विभिन्न व्याधियाँ देखने को मिल रही हैं। ऐसे में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है, यह जीवन में अत्यंत लाभकारी है। उन्होंने सभी से योग को अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया। इसे अपनाकर लोग अपनी सेहत पर इसके गहन सकारात्मक प्रभाव का अनुभव कर सकते हैं।
19 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने कांके रोड स्थित राज भवन अन्तर्गत मदरा मुण्डा राजकीय अतिथिशाला का अवलोकन किया एवं वहाँ व्याप्त सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने इसके बेहतर रख-रखाव हेतु निदेशित किया।
19 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से आदिवासी महासभा के संयोजक श्री देवकुमार धान के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने राज भवन में भेंट कर आदिवासियों की खतियानी जमीन का सरकारी दस्तावेज में छेड़छाड़ कर अवैध तरीके से हो रहे बिक्री के संदर्भ में ज्ञापन समर्पित किया।
15 July 2023
69th Foundation Day of BIT Mesra.
14 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से लोक सभा सांसद श्री सुनील कुमार सिंह ने राज भवन में भेंट की।
14 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन से आज संत फ्रांसिस पब्लिक स्कूल, चुटिया, राँची के विद्यार्थियों ने राज भवन में भेंट की। उक्त अवसर पर राज्यपाल महोदय ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई के संदर्भ में जानकारी लेते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ने हेतु प्रोत्साहित किया तथा विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
12 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि नाबार्ड द्वारा स्वयं सहायता समूहों को सहयोग करने एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के बीच उद्यमिता को बढ़ावा देने जैसी पहलों से न केवल आजीविका में सुधार हुआ है बल्कि सामाजिक परिवर्तन भी हुआ है। उन्होंने कहा कि विगत दिनों सड़क मार्ग से राज्य के सभी 24 जिलों के भ्रमण के क्रम में उनके द्वारा ग्रामीणों से संवाद किया गया, वहाँ कार्यक्रम में उपस्थित स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा बताया गया कि स्वयं सहायता समूह से जुड़ने के उपरांत उनकी आर्थिक-सामाजिक स्थिति में सुधार हुआ है। इसलिए, नाबार्ड को ऐसी महिलाओं की सहायता के लिए और अधिक सक्रिय व समर्पित रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जब वे सांसद थे तो उनके द्वारा कई सड़कों/पुलों का निर्माण नाबार्ड के सहयोग से करवाया गया, जिससे गाँव का संपर्क शहर से आसान हो गया जिसके परिणामस्वरूप वहाँ के गांवों का विकास तेजी से हुआ। राज्यपाल महोदय आज नाबार्ड के 42वां स्थापना दिवस पर आड्रे हाउस में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
माननीय राज्यपाल ने कहा कि रोजगार व आजीविका की दिशा में नाबार्ड को कौशल विकास प्रशिक्षण एवं उद्यमिता विकास कार्यक्रमों जैसी विभिन्न पहलों पर भी ध्यान केंद्रित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि झारखंड समृद्ध संस्कृति वाला प्रदेश है तथा यहाँ के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों कला और शिल्प की जानकारी है। इनकी शिल्प कला को समुन्नत करने एवं बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में नाबार्ड को सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विगत कई वर्षों से, नाबार्ड हमारे देश भर में किसानों, ग्रामीण उद्यमियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है। हर्ष का विषय है कि नाबार्ड ने सतत एवं नवोन्मेषी कृषि को बढ़ावा दिया है, किसानों को जलवायु के अनुकूल कृषि के साथ-साथ जल संरक्षण को के लिए प्रोत्साहित किया है। उन्होंने राज्य में सिंचाई की समस्या का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों के दौरे के क्रम में लोगों ने संवाद के दौरान मुझे कृषि कार्य हेतु सिंचाई की समस्या से अवगत कराया। पलामू और गढ़वा जिले जैसे इलाके में यह समस्या और अधिक गंभीर बताई गई। कृषि कार्य के लिए सिंचाई व्यवस्था का होना नितांत आवश्यक है। इस दिशा में सरकार की कई योजनाएं हैं। लेकिन इस समस्या के समाधान के लिए नाबार्ड जैसी प्रसिद्ध संस्था को भी वृहत पैमाने पर कदम उठाना चाहिए।
राज्यपाल महोदय ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी द्वारा किसानों की आय में वृद्धि हेतु कई उल्लेखनीय पहल किये गये हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2023 को इंटरनेशनल मिलेट ईयर घोषित किया गया है। किसानों को सशक्त बनाने में मोटा अनाज एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। पोषक तत्वों की मात्रा अधिक होने के कारण यह खाद्य और पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करता है। इस परिप्रेक्ष्य में नाबार्ड हमारे किसानों को मोटे अनाज की खेती के लिए प्रोत्साहित करें।
राज्यपाल महोदय ने संबोधित करते हुए कहा कि आजकल देखा जा रहा है कि बाजार में टमाटर के मूल्य बढ़ गए हैं, इसी प्रकार कभी-कभी प्याज के मूल्यों भी वृद्धि देखी जाती है, जबकि किसानों को विशेष लाभ नहीं हो पाता है। इस दिशा में उन्होंने नाबार्ड को ग्रामीण क्षेत्रों में कोल्ड स्टोरेज सुविधाएं स्थापित करने की दिशा में सक्रिय पहल करने हेतु कहा।
राज्यपाल महोदय ने नाबार्ड द्वारा लगाये गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया।
11 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी०पी० राधाकृष्णन से भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने राज भवन में भेंट की।
राज्यपाल महोदय ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे राष्ट्रहित में सदैव कुशलतापूर्वक दायित्वों के निर्वहन हेतु तत्पर रहें।
03 July 2023
माननीय राज्यपाल श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने राज भवन के दरबार हॉल में श्रीमती बेबी देवी को झारखण्ड राज्य के मंत्रिपरिषद के सदस्य के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उक्त अवसर पर राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन, राज्य मंत्रिपरिषद के विभिन्न सदस्यगण, सांसदगण, विधायकगण, मुख्य सचिव समेत भारतीय प्रशासनिक एवं पुलिस सेवा के अधिकारीगण मौजूद थे। राज्यपाल महोदय ने श्रीमती बेबी देवी को मंत्री पद की शपथ लेने के उपरांत हार्दिक बधाई व शुभकामनाएँ दी।